पुरुलिया: टामना थाना क्षेत्र से दिनदहाड़े चोरी की बड़ी घटना सामने आई है। चोरों ने एक बंद घर का ताला तोड़कर करीब 25 लाख रुपये के सोने-चांदी के गहने और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
घटना के संबंध में मकान मालिक उत्तम कुमार महतो ने टामना थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

चारदीवारी फांदकर घुसे चोर
शिकायत के अनुसार, यह घटना 25 सितंबर को दिन के समय हुई। घर के सभी सदस्य बाहर गए हुए थे और घर खाली था। इसी का फायदा उठाकर चोर चारदीवारी फांदकर अंदर दाखिल हुए। इसके बाद मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर कमरे में घुसे और अलमारी का लॉक तोड़ दिया।
अलमारी में रखे कीमती सोने-चांदी के आभूषण और करीब 10 हजार रुपये नकद लेकर चोर फरार हो गए।
25 लाख के गहनों पर हाथ साफ
चोरी गए सामान में कई सोने के हार, कान की बालियां, अंगूठियां, बाला, झुमके और चांदी के तोड़े समेत कई आभूषण शामिल हैं। शिकायतकर्ता के अनुसार, चोरी हुए सामान की कुल अनुमानित कीमत करीब 25 लाख रुपये है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों में हड़कंप मच गया। 26 सितंबर को मकान मालिक ने टामना थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दी।
फिलहाल टामना थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है और चोरों की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

Janta Ki Awaaz Live Jharkhand ki News web site hai
