Chandil News: चांडिल थाना से 200 मीटर दूर लक्ष्मी ज्वेलर्स में 1 करोड़ की हथियारबंद डकैती हुई है।
चांडिल, सरायकेला-खरसावां: अपराधियों ने पुलिस को खुली चुनौती देते हुए चांडिल थाना से महज 200 मीटर की दूरी पर बड़ी डकैती की घटना को अंजाम दिया है। चांडिल बस स्टैंड के समीप स्थित लक्ष्मी ज्वेलर्स के मालिक के घर में शुक्रवार देर रात करीब 1 करोड़ रुपये के जेवरात और नकद की लूट हुई है। घटना के बाद पूरे बाजार में दहशत का माहौल है और बाजार समिति ने आंदोलन की चेतावनी दी है।
थाना के बगल में 7-8 बदमाशों ने दिया वारदात को अंजाम
घटना चांडिल बस स्टैंड निवासी सुरेश चौधरी के घर की है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार देर रात 1 बजे से 2:30 बजे के बीच 7 से 8 नकाबपोश हथियारबंद बदमाश घर में घुसे। सभी बदमाश बांग्ला भाषा बोल रहे थे और पिस्टल, देसी कट्टा जैसे हथियारों से लैस थे। बदमाशों ने घर के मुख्य दरवाजे से प्रवेश किया और पूरे परिवार को पिस्टल की नोंक पर बंधक बना लिया।
पीड़ित सुरेश चौधरी के पुत्र उमंग चौधरी ने बताया कि रात करीब 1 बजे अचानक 7-8 युवक मुंह पर गमछा बांधे घर में घुस आए। उसने साहस दिखाते हुए 4 बदमाशों को पकड़ भी लिया था, लेकिन बदमाशों ने तुरंत उसके सिर पर पिस्टल सटा दी। जान का खतरा देखकर उसे बदमाशों को छोड़ना पड़ा। इसके बाद बदमाशों ने घर में रखी अलमारी तोड़ी और उसमें रखे सोने-चांदी के जेवरात और नकद रुपये लूट लिए। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक लूटी गई संपत्ति की कीमत करीब 1 करोड़ रुपये है।
सुरेश चौधरी की पहले चांडिल बाजार में सोने-चांदी की बड़ी दुकान थी, जिसका नाम लक्ष्मी ज्वेलर्स है। पिछले कुछ वर्षों से दुकान बंद है, लेकिन घर में ही बड़ी मात्रा में पुराना स्टॉक और जेवरात रखे हुए थे। बदमाशों को इसकी पहले से जानकारी होने की आशंका जताई जा रही है।
Chandil News: क्या है पूरा मामला?
घटना की सूचना मिलते ही चांडिल थाना प्रभारी संतन तिवारी और सर्किल इंस्पेक्टर दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और बदमाश किस रास्ते से आए और किस दिशा में फरार हुए, इसकी जांच शुरू कर दी है। थाना से 200 से 500 मीटर की दूरी पर हुई इस वारदात ने पुलिस की रात्रि गश्ती और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार जल्द ही फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया जा रहा है। फॉरेंसिक टीम घर से फिंगरप्रिंट और अन्य साक्ष्य जुटाएगी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। चांडिल थाना क्षेत्र में पहले भी कई बार चोरी की घटनाएं हुई हैं, लेकिन थाना के इतने करीब इतनी बड़ी डकैती पहली बार हुई है।
घटना के बाद से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। चांडिल बाजार समिति ने पुलिस को 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया है। समिति के सदस्यों ने कहा है कि अगर जल्द मामले का खुलासा और अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो बाजार बंद कर जोरदार आंदोलन किया जाएगा।
ईमानदारी की मिसाल: पत्रकार ने लौटाया 2 लाख का चेन
इस सनसनीखेज वारदात के बीच मानवता और ईमानदारी की एक मिसाल भी सामने आई है। समाचार संकलन के लिए मौके पर पहुंचे स्थानीय अखबार के पत्रकार प्रकाश कुमार को घर की गली में सोने का एक चेन पड़ा मिला। बताया जा रहा है कि यह चेन डकैती के दौरान भागते समय बदमाशों से गिर गया था, जिसकी कीमत करीब 2 लाख रुपये है। पत्रकार प्रकाश कुमार ने बिना किसी लालच के ईमानदारी दिखाते हुए वह चेन सुरेश चौधरी के पुत्र उमंग चौधरी को वापस लौटा दिया। पत्रकार की इस ईमानदारी की पूरे चांडिल में चर्चा हो रही है।
गौरतलब है कि सुरेश चौधरी के घर में यह दूसरी बड़ी वारदात है। इससे पहले 1981 में भी उनके यहां डकैती हुई थी। 45 साल बाद 2026 में फिर उसी घर में करोड़ों की डकैती ने सभी को हैरान कर दिया है। पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

Janta Ki Awaaz Live Jharkhand ki News web site hai
