संदीप मंडल, चांडिल : चांडिल प्रखंड के हेंसाकोचा पंचायत अंतर्गत रंगामाटिया गांव में जंगली सूअरों के झुंड ने दो किसानों पर जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में सुखराम मुंडा और लडूराम मुंडा गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल रेफर किया गया है।
गोड़ा धान की रखवाली के दौरान हुआ हमला


मिली जानकारी के अनुसार, दोनों किसान अपने खेत में गोड़ा धान की रखवाली करने गए थे। इन दिनों खेतों में धान पककर तैयार हो रहा है। इसी दौरान जंगली सूअरों का झुंड धान खाने के लिए खेत में घुस आया। सूअरों को भगाने के प्रयास में दोनों किसान उनके झुंड के पास पहुंच गए। इसी बीच जंगली सूअरों ने अचानक दोनों पर हमला कर दिया।
हमले में दोनों किसान बुरी तरह जख्मी हो गए। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया।
किसानों के लिए खतरा बनी धान की रखवाली
धान की फसल पकने के साथ ही किसान दिन-रात खेतों की रखवाली कर रहे हैं। जंगली जानवरों द्वारा फसल को नुकसान पहुंचाने की आशंका के बीच अब किसानों की जान पर भी खतरा मंडराने लगा है। रंगामाटिया की इस घटना से ग्रामीणों में भय का माहौल है।
ग्रामीणों के सामने अब दोहरी चुनौती है। एक ओर जंगली जानवरों से फसल बचाने की चिंता है, तो दूसरी ओर अपनी जान की सुरक्षा का सवाल। ग्रामीणों ने वन विभाग से जंगली सूअरों के आतंक से राहत दिलाने और प्रभावित किसानों की मदद करने की मांग की है।

Janta Ki Awaaz Live Jharkhand ki News web site hai
