
शेफाली महतो, पुरुलिया : आदिवासी समुदाय के सामाजिक और आर्थिक विकास को गति देने के उद्देश्य से बुधवार को पुरुलिया में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। गोशाला मोड़ स्थित क्षेत्रीय आदिवासी विकास कार्यालय के सभाकक्ष में सुबह करीब 11 बजे आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न सरकारी योजनाओं की सुविधाएं लाभुकों को प्रदान की गईं।कार्यक्रम में राज्य के आदिवासी विकास विभाग के मंत्री खुदीराम टुडू ने उपस्थित होकर विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत मिलने वाली सुविधाएं लाभुकों के हाथों में सौंपीं। इस मौके पर पुरुलिया के सांसद ज्योतिर्मय सिंह महतो और मानवाजार की विधायक मयना मुर्मू भी मौजूद रहीं।जिला प्रशासन और आदिवासी विकास विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में कई योजनाओं का लाभ सीधे जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाया गया। मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार आदिवासी बहुल क्षेत्रों में सामाजिक एवं आर्थिक आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है। सरकार का प्रयास है कि पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े और उन्हें समय पर सरकारी सुविधाएं उपलब्ध हों।उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से सरकारी योजनाओं की जानकारी और उनका लाभ सीधे समुदाय तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। कार्यक्रम में आदिवासी विकास विभाग के अधिकारियों के अलावा स्थानीय गणमान्य लोग और बड़ी संख्या में लाभुक उपस्थित रहे। अधिकारियों ने भी लोगों को विभिन्न योजनाओं के लिए पात्रता और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी।

Janta Ki Awaaz Live Jharkhand ki News web site hai
