Chandil Hathi Atank – Seraikela jile ke Chandil Anumandal ke charo prakhand me jangli hathiyon ke atank se janjeevan ast-vyast hai.
सरायकेला-चांडिल: जिला के चांडिल अनुमंडल क्षेत्र के चारों प्रखंडों – चांडिल, ईचागढ़, कुकड़ू और नीमडीह में जंगली हाथियों के आतंक से जनजीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त हो गया है। हाथी और मानव के बीच संघर्ष लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। ताजा मामला कुकड़ू प्रखंड का है, जहां हाथी के हमले से एक गरीब परिवार बाल-बाल बच गया।

जानकारी के अनुसार कुकड़ू के लक्ष्मी महतो के घर में देर रात जंगली हाथी घुस गया। हाथी ने घर को पूरी तरह से क्षतिग्रस्त कर दिया और घर में रखा अनाज भी खा गया। गनीमत रही कि परिवार के सभी सदस्य किसी तरह जान बचाकर भागने में सफल रहे। घटना के बाद से पीड़ित परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर है।
सरकार हमारी, पदाधिकारी हमारे नहीं – शैलेंद्र माथी

इस घटना को लेकर झारखंड श्रमिक संघ (JMM) के महासचिव शैलेंद्र माथी ने वन विभाग और जिला प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा, “जिसके साथ नाजायज हो रहा है, उस नाजायज को उजागर करना जरूरी है। सरकार हमारी है, लेकिन ये पदाधिकारी हमारे नहीं हैं। ये लोग सरकार को बदनाम करने का काम कर रहे हैं।”
शैलेंद्र माथी ने कहा कि लक्ष्मी महतो का जो नुकसान हुआ है, उसकी पूरी क्षतिपूर्ति मिलनी चाहिए। “उनका जान बच गया, इसके लिए वे ईश्वर और वन देवी को धन्यवाद देते हैं। लेकिन कल इस घटना को रोकने के लिए वन विभाग की क्या व्यवस्था है, यह बड़ा सवाल है। सरकार को इस पर ठोस कदम उठाना होगा।”
मुआवजा और नौकरी का नहीं मिला हिसाब
शैलेंद्र माथी ने झारखंड स्थापना दिवस का जिक्र करते हुए कहा कि झारखंड बनने के बाद से हर साल 15 नवंबर को स्थापना दिवस मनाया जा रहा है, लेकिन आज तक यह हिसाब नहीं दिया गया कि पूरे झारखंड में और विशेषकर ईको-सेंसिटिव जोन से लेकर पूरे कोल्हान में हाथियों के हमले से कितने लोगों की मौत हुई है।
उन्होंने सवाल उठाया, “उन मृतकों के परिवारों को कितना मुआवजा दिया गया और कितनों को नौकरी दी गई? कई मामलों में 4 लाख रुपये का मुआवजा भी पीड़ितों तक नहीं पहुंचा और सब खा लिया गया।”
उन्होंने घाटशिला क्षेत्र का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां एक पालतू हाथी द्वारा एक व्यक्ति की हत्या का मामला आज तक लंबित है, उसका मुआवजा नहीं मिला है, इसका लिखित सबूत उनके पास मौजूद है। यह वन विभाग की कार्यशैली पर बड़ा सवाल खड़ा करता है।
ईचागढ़, चिलगु, मकुलाकोचा से लेकर पूरे कोल्हान में दहशत
महासचिव ने बताया कि केवल कुकड़ू ही नहीं, बल्कि ईचागढ़, चांडिल, चिलगु, मकुलाकोचा, तनकोचा सहित पूरे कोल्हान क्षेत्र में हाथी के आतंक से लोग भयभीत हैं। हाथी केवल मनुष्य को ही क्षति नहीं पहुंचा रहा है, बल्कि किसानों के खेतों में लगे धान और घरों में रखे अनाज को भी भारी नुकसान पहुंचा रहा है।
उन्होंने इसका मुख्य कारण जंगलों का लगातार कटना बताया। “हाथी को रहने के लिए कोई जगह नहीं बची है। वन माफिया और लकड़ी माफिया वन विभाग के पदाधिकारियों के संरक्षण में जंगल काटकर गलत धंधा कर रहे हैं और करोड़पति बन रहे हैं, लेकिन उसकी कोई जांच नहीं हो रही है।”
शैलेंद्र माथी ने आरोप लगाया कि उन्होंने 2022 में इस संबंध में लिखित शिकायत दी थी, जिसका आज तक जांच नहीं हुआ, बल्कि उल्टा उन्हीं के नाम पर एफआईआर कर दी गई।
दलमा अभयारण्य के बावजूद हाथी गांव में क्यों?

शैलेंद्र माथी ने सबसे बड़ा सवाल दलमा वाइल्ड लाइफ सेंचुरी को लेकर उठाया। उन्होंने कहा, “दलमा जैसे बड़े अभयारण्य के रहते हुए भी हाथी गांवों में क्यों जा रहे हैं, यह गंभीर जांच का विषय है।”
“यहां माओवादी खोजने के लिए सरकार का सैटेलाइट लगा हुआ है, लेकिन हाथी गांव में क्यों जा रहा है, इसका पता नहीं लगाया जा रहा है।” उन्होंने कहा कि अवैध दारू की चुलाई और जंगल की अंधाधुंध कटाई इसके दो सबसे बड़े कारण हैं। जंगल के माहौल को खराब कर उद्योगपतियों की साजिश से इस मिनरल जोन को लूटा जा रहा है।
वन विभाग पर आउटसोर्सिंग और अतिक्रमण का आरोप
उन्होंने आरोप लगाया कि रेंज ऑफिसर से लेकर वनरक्षी तक सबको आउटसोर्सिंग कर दिया गया है और वही लोग बिचौलियागिरी कर रहे हैं। सरकारी जमीन और वन भूमि पर बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हो रहा है, उसे चिन्हित किया जा रहा है, लेकिन तोड़ा नहीं जा रहा है।
“ईको-सेंसिटिव जोन में तीन-तीन बार नोटिस होने के बाद भी अतिक्रमण नहीं हटने के पीछे सरकारी पदाधिकारियों की मिलीभगत है।” उन्होंने मांग की कि जिस पुलिस अधिकारी या वन अधिकारी के समय में अतिक्रमण हुआ है, उस पर कार्रवाई हो, यदि वह सेवानिवृत्त हो गया है तो उसकी पेंशन और संपत्ति जब्त की जानी चाहिए।
अंत में उन्होंने मांग की कि इस पूरे मामले में एक उच्चस्तरीय कमेटी बनाकर जांच होनी चाहिए और हाथी-मानव संघर्ष पर स्थायी रोक लगाने के लिए ठोस नीति बननी चाहिए, ताकि भविष्य में लक्ष्मी महतो जैसी घटना दोबारा न हो।

Janta Ki Awaaz Live Jharkhand ki News web site hai
