चांडिल/नीमडीह: नीमडीह प्रखंड अंतर्गत रघुनाथपुर में स्व. अशोक कुमार महतो की स्मृति, गांधी जयंती और लाल बहादुर शास्त्री जयंती के अवसर पर एक विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत महात्मा गांधी, लाल बहादुर शास्त्री और स्व. अशोक कुमार महतो के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलित कर की गई। इस दौरान उपस्थित लोगों ने उनके आदर्शों को याद करते हुए दो मिनट का मौन रखा।
शिविर में कुल 180 यूनिट रक्त का संग्रह किया गया। युवा वर्ग ने बड़े उत्साह के साथ शिविर में पहुंचकर रक्तदान किया। महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, जो फोटो में रक्तदान वैन में रक्तदान करते हुए देखी जा सकती हैं।

रक्तदाताओं को हेलमेट देकर सम्मान
आयोजन समिति ने मानवता की इस सेवा के लिए सभी रक्तदाताओं को अनोखे अंदाज में सम्मानित किया। प्रत्येक रक्तदाता को हेलमेट देकर सम्मानित किया गया, ताकि रक्तदान के साथ-साथ सड़क सुरक्षा का संदेश भी दिया जा सके।
आयोजकों ने बताया कि स्व. अशोक कुमार महतो समाजसेवा के लिए हमेशा याद किए जाएंगे। उनकी स्मृति में आयोजित यह रक्तदान शिविर समाज में सेवा और मानवता का संदेश देता है।

इस अवसर पर ग्राम प्रधान बैद्यनाथ महतो, सुभाष मुखिया, मोतीलाल महतो, स्वपन चंद्र महतो, अनूप कुमार महतो, अन्नपूर्णा महतो, लक्ष्मी महतो, गौर चंद्र महतो, अरुण गोराई, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष सचिन गोप, बासुदेव महतो, भोलानाथ सिंह सरदार, निखिल महतो, कमलेश महतो, पशुपति महतो, कमल महतो, ज्योतिलाल महतो, सलिल महतो, बुलेट नाग सहित काफी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

Janta Ki Awaaz Live Jharkhand ki News web site hai
