नीमडीह/चांडिल: नीमडीह थाना क्षेत्र के उत्क्रमित मध्य विद्यालय, पितकी में चोरों ने बीती रात बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया है। चोरों ने स्कूल के मुख्य गेट, कार्यालय और मिड-डे मील किचन के ताले तोड़कर अनाज और सिलेंडर पर हाथ साफ कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार चोर किचन में रखी मिड-डे मील की 4 बोरी चावल, 2 गैस सिलेंडर और खाना बनाने के बर्तन चुरा ले गए। हैरानी की बात यह है कि चोरों ने कार्यालय में रखे लैपटॉप, टैब और म्यूजिक सिस्टम को हाथ तक नहीं लगाया।
सुबह खुला चोरी का राज, 125 बच्चों का MDM बाधित
प्रतिदिन की तरह आज सुबह सहायक शिक्षिका ऑलिव धनवार जब स्कूल पहुंचीं तो देखा कि सभी कमरों के ताले टूटे हुए हैं। उन्होंने तुरंत ग्राम प्रधान सह विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष गौरी शंकर सिंह को सूचना दी। मौके पर पहुंचने पर देखा गया कि मुख्य गेट के पास एक सिलेंडर बोरे में बंधा हुआ पड़ा था और कार्यालय की तीन अलमारियां खुली हुई थीं।
इस चोरी के कारण आज विद्यालय के 125 बच्चों का मिड-डे मील बाधित रहा।
प्रधानाध्यापक शिवराम गोप ने बताया कि चोरी रात करीब 2 से 3 बजे के बीच हुई है। घटना की लिखित शिकायत बीआरसी नीमडीह और नीमडीह थाना को दे दी गई है।
ग्रामीणों के अनुसार पितकी गांव में पहले भी कई घरों में चोरी हो चुकी है और इस स्कूल में यह दूसरी बार चोरी की घटना है। शिक्षा के मंदिर को भी चोरों ने नहीं छोड़ा, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश है।

Janta Ki Awaaz Live Jharkhand ki News web site hai
